राजनगर के खैरकोच चौक पर दो दुकानों में चोरी, कपड़ा और गल्ला दुकान को बनाया निशाना, लाखों का सामान लेकर फरार हुए चोर

JCR DESK
2 Min Read

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरकोच चौक में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक कपड़ा दुकान और एक गल्ला दुकान को निशाना बनाते हुए दोनों दुकानों के ताले तोड़ दिए। इस दौरान नकदी समेत लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली गई। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना रविवार देर रात करीब एक से दो बजे के बीच होने की आशंका जताई जा रही है। कपड़ा दुकान के संचालक कालिदास महतो ने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे जब वह उठे और दुकान पहुंचे, तो देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद दुकान के अंदर जांच करने पर नकदी और बड़ी मात्रा में सामान गायब मिला।

कालिदास महतो ने बताया कि दुकान में करीब 25 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। उन्होंने दो दिन पहले 3 लाख 32 हजार रुपये का लोन लिया था। लोन की राशि से उन्होंने दुकान के लिए कपड़े और अन्य सामान खरीदे थे। चोर नकदी के साथ दुकान का सामान भी ले गए। उनके अनुसार, चोरी में कुल मिलाकर करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

बताया जा रहा है कि चोरों ने कपड़ा दुकान के साथ-साथ गल्ला दुकान को भी निशाना बनाया। हालांकि, गल्ला दुकान से कितनी नकदी या सामान की चोरी हुई है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद कालिदास महतो ने राजनगर थाना में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। अब पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच करेगी। लगातार दुकानों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।

Author
Share This Article
2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *